World

ट्रम्प के पोडियम तक गई कमला, हाथ मिलाया:प्रेसिडेंशियल डिबेट शुरू, 90 मिनट तक आमने-सामने होंगे ट्रम्प-हैरिस

Spread the love

अमेरिका में राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रम्प और भारतवंशी कमला हैरिस डिबेट शुरू हो गई है। 90 मिनट की प्रेसिडेंशियल डिबेट में दोनों उम्मीदवार अहम मुद्दों पर अपनी राय रख रहे हैं। ट्रम्प और कमला हैरिस ने डिबेट की शुरुआत से पहले हाथ मिलाए। कमला खुद ट्रम्प के पास पहुंची थीं। चुनाव से 2 महीने पहले हो रही इस डिबेट को अमेरिकी मीडिया हाउस ABC होस्ट कर रहा है।

ट्रम्प छठी बार डिबेट में हिस्सा ले रहे हैं जबकि कमला हैरिस के लिए यह पहला मौका है। 27 जून को हुई पहली प्रेसिडेंशियल डिबेट में बाइडेन की हार के बाद उन्हें राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी से हटना पड़ा था। इसके बाद डेमोक्रेटिक पार्टी ने कमला हैरिस को उम्मीदवार बनाया था। ऐसे में कमला के लिए ट्रम्प के खिलाफ यह डिबेट जीतना बेहद अहम है। पहली डिबेट में जीत और जानलेवा हमले के बाद प्री-पोल सर्वे में ट्रम्प को बढ़त मिली थी। वे 11 में से 9 सर्वे में बाइडेन से आगे चल रहे थे। हालांकि, कमला के उम्मीदवार बनने के बाद से अमेरिकी लोगों का झुकाव उनकी तरफ बढ़ा है। वे कई राज्यों में ट्रम्प को कड़ी चुनौती दे रही हैं।

डिबेट के नियम… फिलेडेल्फिया के नेशनल कॉन्स्टिट्यूशन सेंटर में भारतीय समयानुसार सुबह 6 बजकर 30 मिनट पर डिबेट शुरू होगी। डिबेट को ABC न्यूज के 2 एंकर डेविड म्योर और लिन्सी डेविस होस्ट करेंगे। इन्हें मॉडरेटर कहा जाता है। ये दोनों उम्मीदवारों से एक-एक कर सवाल पूछेंगे। जवाब के लिए दोनों को 2 मिनट दिया जाएगा।जवाब देने के बाद काउंटर के लिए ट्रम्प और कमला के पास 2 मिनट का समय होगा। उम्मीदवारों को 1 पेन, 1 नोटपैड और 1 पानी की बोतल भी दी जाएगी। उम्मीदवारों का माइक्रोफोन, उनकी बारी आने पर ही चालू होगा। डिबेट के दौरान 2 एड ब्रेक होंगे, इस वक्त ट्रम्प और हैरिस अपने स्टाफ के लोगों से बात नहीं कर सकते हैं। डिबेट में नोट्स लाना की अनुमति है। बहस के दौरान लाइव ऑडियंस नहीं होगी।