साउथ सुपरस्टार प्रभास आज 45 साल के हो गए हैं, और उनके फिल्मी करियर के साथ-साथ उनकी निजी जिंदगी भी हमेशा चर्चा का विषय रही है। ‘बाहुबली’ फिल्म के जरिए उन्होंने न सिर्फ भारतीय सिनेमा में एक नया मुकाम हासिल किया, बल्कि देश-विदेश में करोड़ों फैंस के दिलों पर भी राज किया।
राजामौली के एक कॉल से रुकी शादी
प्रभास की शादी अब तक क्यों नहीं हुई, यह सवाल अक्सर उनके फैंस के बीच उठता रहा है। कहा जाता है कि फिल्म ‘बाहुबली’ की शूटिंग के दौरान प्रभास की शादी की तैयारी लगभग पूरी हो चुकी थी। लेकिन, निर्देशक एसएस राजामौली के एक कॉल ने उनकी शादी को टाल दिया। राजामौली ने प्रभास को ‘बाहुबली’ पर फोकस करने की सलाह दी, और प्रभास ने अपने करियर को प्राथमिकता दी। इस फिल्म के लिए उन्होंने पांच साल तक पूरी तरह से समर्पित किया, और इस दौरान उनकी शादी की योजना ठंडे बस्ते में चली गई।
बाहुबली के बाद 6000 से ज्यादा मैरिज प्रपोजल
2015 में ‘बाहुबली’ रिलीज के बाद प्रभास की फैन फॉलोइंग में जबरदस्त इजाफा हुआ। फिल्म की सफलता के बाद उन्हें करीब 6000 से ज्यादा शादी के प्रपोजल मिले थे। देशभर की लड़कियों ने उन्हें अपना “ड्रीम मैन” बना लिया, लेकिन प्रभास ने इन प्रपोजल्स को सिरे से नकारते हुए अपनी फिल्मी यात्रा पर ध्यान केंद्रित रखा।
अनुष्का शेट्टी और कृति सेनन से जुड़ा नाम
प्रभास का नाम कई बार उनकी को-स्टार्स के साथ जोड़ा गया है। खासकर, ‘बाहुबली’ की हीरोइन अनुष्का शेट्टी के साथ उनके रिश्तों की खूब चर्चा हुई। दोनों की ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री इतनी शानदार थी कि फैंस ने इसे असल जिंदगी में भी जोड़ना शुरू कर दिया। हालांकि, दोनों ने हमेशा इन अफवाहों को खारिज किया और कहा कि वे सिर्फ अच्छे दोस्त हैं।
हाल ही में, प्रभास का नाम कृति सेनन के साथ भी जुड़ा है। दोनों ने साथ में फिल्म ‘आदिपुरुष’ में काम किया, और तब से उनके रिश्ते को लेकर अफवाहें गर्म हैं। हालांकि, कृति ने भी इन खबरों को अफवाह बताते हुए सिरे से नकार दिया है।
प्रभास की निजी जिंदगी भले ही सुर्खियों में रहती हो, लेकिन उन्होंने हमेशा अपने काम को प्राथमिकता दी है।
