बॉलीवुड एक्ट्रेस अनन्या पांडे ने हाल ही में इस साल जुलाई में हुई अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट की हाई प्रोफाइल शादी में शामिल होने का अपना अनुभव साझा किया। अनन्या ने माशेबल इंडिया को दिए इंटरव्यू में उन अफवाहों को गलत ठहराया कि सेलिब्रिटीज को अंबानी परिवार की शादियों में शामिल होने के लिए पैसे दिए जाते हैं।
दोस्तों की शादी में शामिल होकर खुशी मनाई
अनन्या ने स्पष्ट किया कि वह अनंत और राधिका की शादी में अपने दोस्तों के प्यार को सेलिब्रेट करने के लिए शामिल हुई थीं। उन्होंने कहा, “वो (अनंत-राधिका) मेरे दोस्त हैं। मुझे समझ नहीं आता कि लोग ऐसा क्यों सोचते हैं कि हमें पैसे दिए जाते हैं। मैंने उनकी शादी में जमकर डांस इसलिए किया क्योंकि मैं अपने दोस्तों की शादी अटेंड कर रही थी और उनके प्यार का जश्न मना रही थी।”
अंबानी फैमिली का दिल से स्वागत
अनन्या ने यह भी बताया कि अंबानी परिवार ने शादी के दौरान मेहमानों का तहेदिल से स्वागत किया। उन्होंने कहा, “चाहे कितने भी फंक्शन हुए हों, पूरी अंबानी फैमिली ने सभी मेहमानों को बेहतरीन तरीके से अटेंड किया। इससे शादी में आए मेहमानों को काफी पर्सनल और खास महसूस हुआ।”
12 जुलाई को हुई थी अनंत-राधिका की शादी
अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट की भव्य शादी इसी साल 12 जुलाई को हुई थी। इस हाई प्रोफाइल शादी में बॉलीवुड से लेकर राजनीतिक हस्तियों और विदेशी मेहमानों तक ने शिरकत की। शादी में प्रियंका चोपड़ा, शाहरुख खान, रजनीकांत, रणवीर सिंह, संजय दत्त, जान्हवी कपूर और अर्जुन कपूर ने जमकर डांस किया था। यहां तक कि रेसलर जॉन सीना भी इस शाही शादी का हिस्सा बने।
देश-विदेश से 2000 से ज्यादा मेहमानों ने की शिरकत
इस भव्य समारोह में पूर्व ब्रिटिश पीएम टोनी ब्लेयर, यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव, बिहार के पूर्व सीएम लालू प्रसाद यादव और बंगाल की सीएम ममता बनर्जी समेत देश-विदेश से 2000 से ज्यादा सेलिब्रिटीज और राजनीतिक नेता पहुंचे थे।
